PM Awas Yojana 2.0: केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक पीएम आवास योजना के तहत हर गरीब तबके के लोगों को लाभ दिया जा रहा है। सरकार की मंशा है कि गरीब व्यक्ति कच्चे मकान में ना रहे और उसे भी एक पक्का खुद का घर मिले, इसी उददेश्य को लेकर सरकार ने यह योजना चलाई है, लेकिन उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पीएम आवास योजना शहरी 2.0 को लेकर कुछ बदलाव किए हैं।
सरकार ने इस योजना को लेकर नए नियम भी लागू किए हैं, अब लाभार्थियों को मकान निर्माण की अगली किस्त तभी जारी की जाएगी, जब निर्माण की गुणवत्ता की पूरी जांच और सत्यापन हो जाएगा। सरकार के इस फैसले का उददेश्य यह है कि योजना के तहत बनने वाला घर पूरी तरह सुरक्षित, मजबूत और तय मानकों को पूरा करता हो।
सैंपल आधार पर होगी सख्त जांच
आवास परियोजना में 5 से 10 प्रतिशत घरों का चयन कर उनकी गुणवत्ता जांच की जाएगी। यह जांच केवल औपचारिक नहीं होगी, बल्कि तकनीकी मानकों के आधार पर की जाएगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि हर परियोजना में कम से कम 50 मकानों का निरीक्षण अनिवार्य होगा। यदि किसी परियोजना में कुल मकानों की संख्या 50 से कम है, तो सभी मकानों का सत्यापन किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी स्तर पर निर्माण में लापरवाही या अनियमितता न हो।
अंतरिम व्यवस्था में जिला स्तर पर जिम्मेदारी
जब तक राज्य स्तर पर थर्ड पार्टी क्वालिटी मॉनिटरिंग एजेंसियों की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक यह जिम्मेदारी जिला स्तर की तकनीकी टीम को सौंपी गई है। यह टीम परियोजना निदेशक के नेतृत्व में काम करेगी और निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण करेगी। टीम यह देखेगी कि निर्माण कार्य सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार हो रहा है या नहीं। किसी भी तरह की कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार या जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई भी संभव होगी।
निर्माण के हर चरण पर नजर
सरकार ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण केवल अंतिम चरण में नहीं, बल्कि निर्माण के हर महत्वपूर्ण चरण पर किया जाएगा। इसमें नींव डालने से लेकर ढांचे की मजबूती और छत निर्माण तक सभी प्रक्रियाओं की जांच शामिल होगी। साथ ही निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्रीकृजैसे सीमेंट, सरिया, ईंट और अन्य संसाधनोंकृकी गुणवत्ता भी परखी जाएगी। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आवास लंबे समय तक सुरक्षित और टिकाऊ रहें।
डिजिटल रिकॉर्ड से बढ़ेगी पारदर्शिता
नई व्यवस्था में पारदर्शिता पर भी खास जोर दिया गया है। हर निरीक्षण का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रूप में तैयार किया जाएगा। इसमें जियो-टैग फोटो, लाभार्थी का विवरण, भुगतान की स्थिति और संबंधित अधिकारियों के हस्ताक्षर शामिल होंगे। इस डिजिटल सिस्टम से न केवल निगरानी आसान होगी, बल्कि भविष्य में किसी भी विवाद या जांच की स्थिति में रिकॉर्ड तुरंत उपलब्ध रहेगा। इससे योजना में भ्रष्टाचार और गड़बड़ी की संभावनाएं भी कम होंगी।
विशेषज्ञ एजेंसियों की भी ली जा सकती है मदद
सरकार ने यह प्रावधान भी रखा है कि जरूरत पड़ने पर सरकारी तकनीकी संस्थानों और विशेषज्ञ एजेंसियों की सहायता ली जा सकती है। इससे गुणवत्ता जांच प्रक्रिया को और अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सकेगा। इस कदम से यह उम्मीद जताई जा रही है कि योजना के तहत बनने वाले घर न सिर्फ समय पर पूरे होंगे, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी उच्च स्तर की होगी।
गरीबों को मिलेगा सुरक्षित और मजबूत घर
इस नई व्यवस्था का सीधा लाभ उन गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलेगा, जो इस योजना के तहत अपने पक्के घर का सपना पूरा कर रहे हैं। अब उन्हें न सिर्फ घर मिलेगा, बल्कि ऐसा घर मिलेगा जो सुरक्षित, टिकाऊ और मानकों के अनुरूप होगा। कुल मिलाकर, यह फैसला आवास योजना में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे लाखों लोगों को दीर्घकालिक लाभ मिलने की संभावना है।
हमारे सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जुड़ें –
| फेसबुक | फॉलो करें |
| इंस्टाग्राम | फॉलो करें |
| X (ट्विटर) | फॉलो करें |
इन्हें भी पढ़ें –