Lalitpur Murder Case: उत्तर प्रदेश बुन्देलखण्ड क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे जनपद ललितपुर में एक आपसी रंजिश को लेकर खौफनाक घटना घटित हो गई है। यह घटना तब हुई तो युवक मजदूरी करके अपने घर जा रहा था, उसी दौरान चार लोगों ने मिलकर युवक पर कुल्हाड़ी और तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी का माहौल फैल गया और पुलिस को जैसी ही इस घटना की सूचना मिली आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
घटना थाना पूराकलां क्षेत्र के ग्राम विजयपुरा की है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय आशीष कुशवाहा के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार, 21 अप्रैल को गांव में आयोजित एक शादी समारोह में आशीष का गांव के ही रिकेन्द्र नाम के युवक से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि इस मामूली कहासुनी ने बाद में गंभीर रंजिश का रूप ले लिया। आरोपी रिकेन्द्र इस झगड़े को लेकर मन में दुश्मनी पाल बैठा और मौका मिलने का इंतजार करने लगा।
रास्ते में साजिश के तहत रोकी बाइक
गुरुवार की शाम करीब 7:30 बजे आशीष अपने एक साथी के साथ मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के पास पहुंचा, आरोपी रिकेन्द्र ने अपने घर के सामने बाइक के पहिए में लाठी फंसा दी। अचानक हुए इस हमले से बाइक असंतुलित होकर गिर गई और आशीष व उसका साथी सड़क पर गिर पड़े। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया।
आरोपी रिकेन्द्र, उसका भाई महेन्द्र और पिता केहर ने मिलकर आशीष पर कुल्हाड़ी और तलवार से कई वार किए। हमलावरों ने खास तौर पर उसके सिर को निशाना बनाया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। वहीं, साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
झांसी मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल आशीष को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। पहले उसे तालबेहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। झांसी में इलाज के दौरान आशीष की हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले को गंभीरता से लेते हुए पूराकलां थाना पुलिस ने मृतक के पिता मुकेश कुशवाहा की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुरुआत में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था, लेकिन युवक की मौत के बाद इसे हत्या की धाराओं में बदल दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों में आरोपियों के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
हमारे सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जुड़ें –
| फेसबुक | फॉलो करें |
| इंस्टाग्राम | फॉलो करें |
| X (ट्विटर) | फॉलो करें |
इन्हें भी पढ़ें –